यूपी में 70 ईंट भट्ठों पर बड़ा एक्शन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने लगाया 27.56 करोड़ का जुर्माना
यूपी में 70 ईंट भट्ठों पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इन सभी ईंट भट्ठों पर 27 करोड़ 56 लाख 31 हजार 250 रुपये का जुर्माना पर्यावरण क्षतिपूर्ति के रूप में लगाया है। कार्रवाई के साथ ही ईंट भट्ठा संचालकों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। जुर्माना राशि जमा करने के लिए इन संचालकों को 15 दिन की मोहलत दी गई है। एडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मुख्य पर्यावरण अधिकारी स्तर से जुर्माना लगाया गया है। इन सभी को अलग-अलग तारीख में बंदी आदेश जारी किए गए थे। लेकिन इसके बावजूद बिना प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी के ईंट भट्ठों का संचालन किया जा रहा था। चिमनियों से निकलने वाले धुंए से वायु प्रदूषण हो रहा था। लिहाजा बंदी नोटिस जारी होने की तारीख से रोजाना 6250 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगाया गया है। बीते दिनों हुए निरीक्षण के दौरान ये सभी ईंट भट्ठे चलते हुए मिले थे। जुर्माना राशि जमा नहीं करने पर आरसी जारी की जाएगी। वहीं, कार्रवाई के बाद से ईंट भट्टा संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
ईंट निर्माता समिति जिलाध्यक्ष गुरेंद्र सिंह ढिल्लो ने बताया, एनजीटी के दबाव में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ईंट भट्ठा संचालकों पर जुर्माना लगाया है। इसका अमरोहा ईंट निर्माता समिति पूरा विरोध करेगी। इसके बारे में प्रदेश स्तरीय समिति को भी अवगत कराया जाएगा। इस तरह की कार्रवाई पूरे प्रदेशभर में हुई है। जुर्माना की राशि को खत्म करने के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे। जुर्माना राशि खत्म कराकर ही समिति रहेगी। जितना जुर्माना लगाया गया है, उतना तो भट्ठा संचालकों को लाभ भी नहीं हुआ होगा। यह गलत है।
एसडीएम वित्त एवं राजस्व सुरेंद्र सिंह का कहना है कि चिमनियों से निकलने वाले धुंए से वायु प्रदूषण हो रहा था। बंदी के आदेश के बाद भी भट्ठा चलाने पर नोटिस जारी किया गया है। बंदी के दिन से 70 संचालकों पर जुर्माना लगाया गया है।