Weather Update: IMD ने डराया, इन राज्यों के लिए लू का अलर्ट जारी; दिल्ली को मिलेगी राहत
Today’s Weather: लगातार बढ़ रहा तापमान चिंताएं भी बढ़ा रहा है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने कई राज्यों के लिए लू का अलर्ट भी जारी कर दिया है। खबरें हैं कि पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में गर्मी सितम ढा सकती है।
हालांकि, राजधानी दिल्ली के लिए कुछ राहत के संकेत हैं। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि सोमवार को यहां बारिश हो सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, IMD के वैज्ञानिक संभावनाएं जता रहे हैं कि फिलहाल लू पूर्वी भारत को प्रभावित कर रही है। उन्होंने अनुमान जताया है कि ऐसी ही स्थिति कुछ राज्यों में 4-5 दिन बनी रह सकती है। उन्होंने कहा कि लू के चलते पश्चिम बंगाल के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग ने उत्तरी, दक्षिणी और पूर्वी राज्यों में तापमान में सामान्य से 4-6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया है।
मौसम विज्ञानी डॉक्टर नरेश कुमार बताते हैं, ‘तापमान सामान्य से 6.5 से 4 डिग्री तक ज्यादा है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा है। कल से हमारा पूर्वानुमान है कि तापमान में कुछ कमी आ सकती है और उसके बाद 4 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।’
यहां येलो अलर्ट जारी
खबर है कि मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है। संकेत मिल रहे हैं कि गुरुवार तक गर्मी से की संभावनाएं हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, IMD मुंबई के निदेशक सुनील कांबले ने कहा, ‘तापमान भले ही 34-35 डिग्री सेल्सियस हो, लेकिन नागरिक गर्म, उमस और असुविधाजनक मौसम का सामना कर सकते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘हम इतनी असुविधा महसूस कर रहे हैं, क्योंकि पश्चिमी हवाएं बहुत नमी लेकर आ रही हैं। नमी की मौजूदगी उमस का स्तर बढ़ा रही हैं।’
दिल्ली में होगी हल्की बारिश
कुमार ने संभावनाएं जताई हैं कि दिल्ली में अगले 2-3 दिनों तक तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके बाद तापमान धीरे-धीरे 1-2 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है और सोमवार को हल्की बारिश के आसार हैं। ओडिशा के लिए IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि, इसके बाद तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। इसके बाद 2 दिनों के बाद ओडिशा में फिर लू की स्थिति बन सकती है।
बिहार में अगले पांच दिनों तक लू चल सकती है। इस दौरान अलर्ट भी जारी कर दिया है। झारखंड में भी लू के आसार हैं। केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश अगले 4-5 दिनों में तेज गर्मी और उमस का सामना कर सकते हैं।