Indore News: आटोमोबाइल क्षेत्र को नई ऊर्जा दे गया रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, जानिये इंदौर में एक दिन में बिके कितने वाहन

दीपावली-दशहरा, पुष्य नक्षत्र में वाहन बिक्री में उछाल तो स्वाभाविक है, लेकिन 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला का प्राण प्रतिष्ठा समारोह इस क्षेत्र के लिए नई ऊर्जा लेकर आया।

लोगों ने इस शुभ मुहूर्त में बड़ी संख्या में वाहन खरीदे। अकेले इंदौर में 30 करोड़ रुपये से अधिक के वाहनों की बिक्री हुई। 300 कारें और डेढ़ हजार से अधिक दोपहिया वाहन शामिल रहे। वाहनों के पूजन के लिए मंदिरों में कतारें लगी रहीं।

अयोध्या में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के दिन को यादगार बनाने के लिए किसी ने नए गृह में प्रवेश किया तो किसी ने नया वाहन और जेवर खरीदे। शुभ मुहूर्त में खरीदारी के अवसर को लोगों ने हाथोंहाथ लिया और इंदौर में एक दिन में 1800 से अधिक कारें और दोपहिया वाहन बिके। एक महीना पहले से लोगों ने बुकिंग करवानी शुरू कर दी थी। सभी शोरूम दीपावली की तरह सजाए गए थे।

कासलीवाल आटोमोबाइल के जनरल मैनेजर मनीष भार्गव का कहना है कि आटोमोबाइल बाजार में रामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर दशहरे-दीपावली जैसा उत्साह रहा। पूरे शहर में 1500 से 1700 दोपहिया वाहन बिके। हमारे शोरूम से ही 100 वाहनों की बिक्री हुई। यदि वाहनों का अधिक स्टाक होता तो वे भी बिक जाते।

सांघी ब्रदर्स के जीएम सेल्स आदर्श मिश्रा बताते हैं कि सोमवार को पूरे शहर में 300 से अधिक कारों की बिक्री हुई। लोग भगवा वस्त्रों में वाहन की डिलीवरी लेने पहुंचे थे। अधिकांश गाडियों की डिलीवरी 12.30 बजे तक हो गई थी।

 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *