राहुल गांधी का भाजपा पर निशाना, बोले- झारखंड में सरकार ‘चोरी” करने की कोशिश की

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर झारखंड में सरकार की ‘चोरी’ की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनादेश की रक्षा के लिए हस्तक्षेप किया।

गोड्डा जिले में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)नीत गठबंधन सरकार को बचाने में कांग्रेस की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने एक बार फिर भाजपा की विचारधारा का विरोध करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वह बाद में देवघर पहुंचे और द्वादश ज्योर्तिलिंग में से एक बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना की और इसके अलावा एक अन्य जनसभा को संबोधित किया। मणिपुर से 14 जनवरी को शुरू हुई यात्रा शुक्रवार दोपहर को पश्चिम बंगाल से पाकुड़ जिले होते हुए झारखंड राज्य में प्रवेश की।

कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा शनिवार सुबह गोड्डा जिले के सरकंडा चौक से फिर शुरू हुई। सिन्हा ने बताया कि यात्रा धनबाद के लिए रवाना होगी और धनबाद के टुंडी ब्लॉक के हलकटा में रात्रि विश्राम के लिए पड़ाव डालने की योजना है। झारखंड में यात्रा दो चरणों में होगी और इस दौरान आठ दिन के दौरान 13 जिलों में 804 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 67 दिनों में 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 15 राज्यों के 110 जिलों से होते हुए 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *