झारखंड में चार दिन तक भीषण हीट वेव का अलर्ट, गर्मी को लेकर एडवाइजरी जारी; बादल छाने से भी राहत नहीं

राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में रविवार 28 अप्रैल से एक मई तक यानी अगले चार दिन तक भीषण हीट वेव (लू) चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राज्य के पूर्वी भाग के जिलों गोड्डा, पाकुड़, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है।

अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक वृद्धि के आसार हैं।

मौसम विभाग रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि भीषण गर्मी के प्रभाव और बचाव को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। इधर, शनिवार को कुछ जिलों में आसमान में बादल छाए रहने से वहां अधिकतम तापमान में थोड़ी कमी दर्ज की गई।

30 अप्रैल से एक मई को अलर्ट वाले जिले
झारखंड के कई जिलों के लिए 30 अप्रैल और एक मई को लू का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें कुछ जिलों के लिए ऑरेंज तो कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, दुमका, साहिबगंज, बोकारो, देवघर और धनबाद शामिल हैं। वहीं यलो अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम सिंहभूम, रांची, बोकारो, रामगढ़, खूंटी, पलामू और गढ़वा शामिल हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, रांची समेत पूरे राज्य में रविवार से चार दिनों के दौरान कई हिस्सों में हीट वेव का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों के अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान रांची समेत कुछ हिस्सों में बादल भी छा सकते हैं। लेकिन इससे मौसम पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। भीषण गर्मी को लेकर एडवाइजरी भी जारी की गई है।

सरायकेला का तापमान सर्वाधिक 44.8 डिग्री
रांची समेत राज्य के कई जिलों में शनिवार को भी हीट वेव की स्थिति रही। सरायकेला का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 44.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं संताल के गोड्डा में 43.6 डिग्री और पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में 43 डिग्री तापमान रहा। हालांकि, रांची के तापमान में मामूली कमी दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 39.4 और न्यूनतम 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। रांची समेत पलामू और आसपास के जिलों में हल्के बादल छाने से तापमान में एक-दो डिग्री तक कमी आयी। मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया।

शनिवार को तापमान (डिग्री में)

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *