RSS के गढ़ में कांग्रेस की महारैली आज, जुटेंगे 2 लाख लोग; पूरी गांधी फैमिली होगी साथ

RSS के गढ़ में कांग्रेस की महारैली आज, जुटेंगे 2 लाख लोग; पूरी गांधी फैमिली होगी साथ

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय और भीमराव आंबेडकर की दीक्षाभूमि के लिए चर्चित नागपुर में आज कांग्रेस महारैली करने वाली है। अपने 139वें स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी यहां रैली करेगी और इसे आम चुनाव का बिगुल फूंकने के तौर पर भी देखा जा रहा है। इस रैली में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी रहेंगे। इसके अलावा पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी होंगे। इससे समझा जा सकता है कि यह आयोजन कांग्रेस के लिए कितना अहम है, जिसमें गांधी फैमिली भी साथ नजर आएगी। कांग्रेस के सभी मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों और अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी इस रैली में बुलाया गया है।

नागपुर के बाहरी इलाके में हो रही इस रैली में करीब 2 लाख कार्यकर्ताओं के जुटान की संभावना है। इससे पहले बुधवार को ही कांग्रेस ने भारत न्याय यात्रा शुरू करने का ऐलान किया था। यह यात्रा मणिपुर से मुंबई तक निकाली जाएगी, जो 14 राज्यों के 85 जिलों से होकर गुजरेगी। इस यात्रा की शुरुआत 14 जनवरी से होगी और 20 मार्च को समापन होगा। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पहले यह रैली और फिर यात्रा के समापन के लिए महाराष्ट्र के ही दो शहरों को इसलिए चुना गया है ताकि आम चुनाव के लिए यहां माहौल बन सके।

दरअसस मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जिस तरह करारी हार हुई है और यूपी-बिहार में वह पहले से ही कमजोर है, ऐसी स्थिति में वह हिंदी बेल्ट के बाहर ज्यादा फोकस करना चाहती है। कांग्रेस के एक सीनियर नेता ने कहा, ‘विधानसभा चुनावों ने यह साबित किया है कि इलेक्शन जीतने के मामले में भाजपा हमसे कहीं आगे हैं। राम मंदिर के उद्घाटन के बाद हिंदी भाषी राज्यों में हमारी स्थिति और कमजोर हो सकती है। भाजपा राम मंदिर का फायदा लेने की कोशिश करेगी। ऐसे में हम महाराष्ट्र जैसे राज्यों में ज्यादा सीटें जीतने पर फोकस कर रहे हैं।’

कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक चव्हाण ने कहा कि हम नागपुर में इसलिए रैली कर रहे हैं ताकि भाजपा को संदेश जाए कि हम संघ के गढ़ में भी उसे घेर सकते हैं। पार्टी ने इसके लिए ‘हैं तैयार हम’ का स्लोगन दिया है। इसे लोकसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। विदर्भ में कांग्रेस भी मजबूत रही है और इस रैली के जरिए वह यहां अपनी ताकत दिखाना चाहेगी। यहीं से कांग्रेस के दो सीनिया नेता नाना पटोले और विजय वडेत्तिवार आते हैं। दोनों ही ओबीसी समुदाय के नेता हैं, जिन पर कांग्रेस फोकस कर रही है। यूपी की 80 सीटों के बाद महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर है, जहां लोकसभा की 48 सीटें हैं।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *