Delhi Weather: ठंड के साथ सताएगा कोहरा, नए साल पर कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम; IMD ने बताया

Delhi Weather: ठंड के साथ सताएगा कोहरा, नए साल पर कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम; IMD ने बताया

नववर्ष के मौके पर दिल्ली के लोगों को कड़ाके की ठंड के साथ कोहरे का भी सामना करना पड़ेगा। एक जनवरी की सुबह मध्यम श्रेणी से लेकर घना कोहरा रहने की संभावना है। इसे लेकर अगले तीन दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते तीन दिन से राजधानी में बर्फीली हवा चल रही है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही हवा के चलते अधिकतम तापमान में कमी आई है। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री था, जबकि शुक्रवार को 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। गुरुवार को यह 8.4 डिग्री और शुक्रवार को 10.7 डिग्री रहा। यह सामान्य से चार डिग्री ज्यादा है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अगले तीन दिन सुबह के समय कोहरा बना रहेगा। यह मध्यम श्रेणी से लेकर घना कोहरा हो सकता है। इस दौरान बर्फीली हवा चलेगी। इस वजह से अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। तीन जनवरी से कोहरे में कुछ कमी आ सकती है। इसके बाद अधिकतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

क्या होता है येलो अलर्ट
खराब मौसम की आगामी स्थिति को बताने के लिए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया जाता है। ये बताता है कि मौजूदा स्थिति में बेशक खतरा नहीं है, लेकिन कभी भी मौसम की खतरनाक स्थिति सामने आ सकती है।

100 से ज्यादा विमान रहे प्रभावित
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में कोहरे की समस्या बीते दिनों के मुकाबले कम रही। बीते तीन दिनों से जहां कोहरे के चलते दृश्यता शून्य रही है तो वहीं शुक्रवार सुबह दृश्यता लगभग 150 मीटर दर्ज की गई। तीन दिन बाद दिल्ली एयरपोर्ट से किसी विमान को डायवर्ट नहीं करना पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद कोहरे के चलते 100 से ज्यादा विमानों ने दिल्ली एयरपोर्ट से देरी से उड़ान भरी। इसके अलावा कुछ विमानों की सेवा शुक्रवार को रद भी रही। एयरलाइंस ने यात्रियों को एयरपोर्ट आने से पूर्व वेबसाइट पर विमान के बारे में जानकारी लेने की सलाह दी है।

20 से ज्यादा रेलगाड़ियां देरी से पहुंची
कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी शुक्रवार को देखने को मिला। दिल्ली आने वाली लगभग 20 गाड़ियां स्टेशनों पर देरी से पहुंची। इनमें से कुछ गाड़ियां 2 से 5 घंटे की देरी से दिल्ली पहुंची। मुंबई से अमृतसर के बीच चलने वाली एक्सप्रेस गाड़ी सबसे अधिक 5 घंटे की देरी से दिल्ली पहुंची। इसके अलावा लगभग एक दर्जन गाड़ियां लगभग दो घंटे की देरी से दिल्ली पहुंची। रेलवे ने इनमें से अधिकांश गाड़ियों को समय पर वापस भेजने का प्रयास किया।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *