सस्पेंस थ्रिलर से लेकर हॉरर का लगेगा तड़का, बॉक्स ऑफिस को मालामाल कर जाएंगी 2024 की ये 10 फिल्में
2023 बॉलीवुड के लिए शानदार रहा है। शाहरुख खान, सनी देओल, रणबीर कपूर और अक्षय कुमार की फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस को मालामाल कर दिया। 2024 में भी बॉलीवुड से सभी को काफी उम्मीदें हैं। कई फिल्में हैं जिनके ऐलान के बाद से इंतजार हो रहा है। साल की बड़ी तारीखों पर मेकर्स ने पहले ही अपनी फिल्मों की रिलीज तय कर ली है। इस साल कौन-कौन सी 10 बड़ी फिल्में आने वाली हैं इस रिपोर्ट में बताते हैं।
मैरी क्रिसमस
कटरीना कैफ और विजय सेतुपति स्टारर फिल्म ‘मैरी क्रिसमस ‘की रिलीज डेट 12 जनवरी है। रोमांटिक थ्रिलर फिल्म का निर्देशन श्रीराम राघवन ने किया है। इसका ट्रेलर लोगों ने काफी पसंद किया।
फाइटर
साल की जिस फिल्म का इंतजार हो रहा है उसमें से एक ‘फाइटर’ है। पहली बार पर्दे पर ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण साथ में काम करते नजर आएंगे। फिल्म 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
मेट्रो… इन दिनों
अनुराग बसु अपनी फिल्म ‘मेट्रो इन लाइफ’ का सीक्वल ‘मेट्रो… इन दिनों’ बना रहे हैं। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, कोंकणा सेन शर्मा, सारा अली खान, आदित्य रॉय कपूर, फातिमा सना शेख, अली फजल, अनुपम खेर और नीना गुप्ता है। इसकी रिलीज डेट 29 मार्च है।
बड़े मियां छोटे मियां
अली अब्बास जफर के निर्देशन की फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ ईद के मौके पर दस्तक देगी। इस साल ईद 9 अप्रैल को है। फिल्म में अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ हैं।
चंदू चैम्पियन
साल के मध्य में कार्तिक आर्यन की ‘चंदू चैम्पियन’ आएगी। कार्तिक ने इसमें 8 मिनट का लंबा सिंगल शॉट फाइट सीन दिया है। फिल्म की रिलीज डेट 14 जून है।
सिंघम अगेन
निर्देशक रोहित शेट्टी की फिल्म सिंघम अगेन में अजय देवगन, करीना कपूर, रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण, अक्षय कुमार, जैकी श्रॉफ और टाइगर श्रॉफ हैं। यह सिनेमाघरों में 15 अगस्त को रिलीज होगी
स्त्री 2
6 साल पहले ‘स्त्री’ आई थी और अब ‘स्त्री 2’ रिलीज के लिए तैयार है। अमर कौशिक की यह फिल्म 30 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में राजकुमार राव, पंकज त्रिपाठी, श्रद्धा कपूर, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी हैं।
स्काई फोर्स
एक्शन थ्रिलर फिल्म में अक्षय कुमार, निमरत कौर और सारा अली खान हैं। इस फिल्म से वीर पहाड़िया एक्टिंग में डेब्यू करेंगे। फिल्म की रिलीज डेट 2 अक्टूबर है।
वेलकम टू द जंगल
24 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में ‘वेलकम टू द जंगल’ देख पाएंगे। यह ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है।
कल्कि 2898 एडी
प्रभास, दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ की रिलीज डेट का अभी ऐलान नहीं किया गया है। फिल्म का निर्देशन नाग अश्विन ने किया है।