IPL 2024: विराट कोहली ने मचाया गुजरात टाइटन्स के खिलाफ धमाल, बने सीजन में 500 का आंकड़ा छूने वाले पहले प्लेयर

हमदाबाद: आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली का आईपीएल 2024 में धमाकेदार प्रदर्शन रविवार को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर जारी रहा। विराट ने 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 32 गेंद में सीजन की पांचवीं 50 रन से ज्यादा की पारी खेली।

विराट ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 5 चौके और 2 छक्के जड़े। विराट कोहली ने अपनी पारी की शुरुआत सधे हुए अंदाज में की। विराट ने पारी की शुरुआत में 15 गेंद में 14 रन बनाए थे। लेकिन पिच पर पैर जमाने के बाद उन्होंने गियर बदले और अगली 17 गेंद में 37 रन जड़कर अपना आईपीएल में 54वां अर्धशतक पूरा कर लिया।70*(44) रन बनाकर नाबाद रहे। इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल 2024 में अपने 500 रन भी पूरे कर लिए।

आईपीएल 2024 में 500 रन बनाने वाले पहले प्लेयर

विराट कोहली आईपीएल 2024 में 500 रन के आंकड़े को पार करने वाले पहले प्लेयर भी बन गए। विराट ने गुजरात के खिलाफ अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान ये उपलब्धि हासिल की। खबर लिखे जाने तक विराट ने मौजूदा आईपीएल सीजन में 10 मैच की 10 पारियों में 3 बार नाबाद रहते हुए 500* रन 71* के औसत और 147* के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। उन्होंने सीजन में एक शतक और 4 अर्धशतक जड़े हैं।

गुजरात के खिलाफ लगातार चल रहा है बल्ला

विराट कोहली का बल्ला आईपीएल में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खूब चला रहा है। गुजरात के खिलाफ विराट चार मैच में 50 रन से ज्यादा की चार पारियां खेलने में सफल रहे हैं। विराट इससे पहले गुजरात के खिलाफ तीन मुकाबले में 58(53), 73(54) और 101*(61) रन की पारी खेली थी। अब उन्होंने 70*(44) रन की पारी खेली है। गुजरात के गेंदबाज विराट के खिलाफ आते ही असरहीन हो जाते हैं। इस बात की पुष्टि एक बार फिर हो गई है।

विराट ने की वॉर्नर के रिकॉर्ड की बराबरी

विराट कोहली ने सीजन में 500 रन के आंकड़े को पार करते ही डेविड वॉर्नर के सबसे ज्यादा बार आईपीएल में ये कारनामा करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। विराट और वॉर्नर दोनों ने 7-7 बार ये कारनामा किया है। इसके बाद इस सूची में दूसरे पायदान पर केएल राहुल और शिखर धवन हैं। दोनों 5-5 बार सीजन में 500 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रहे हैं। क्रिस गेल, सुरेश रैना और क्विंटन डिकॉक तीन-तीन बार ऐसा करके इस सूची में तीसरे पायदान पर काबिज हैं।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *